पांच धर्मस्थलों के पर्यटकीय विकास के लिए धनराशि स्वीकृत
मुख्यमंत्री पर्यटन संवर्धन योजना से संवरेगी सूरत, सभी विधानसभा क्षेत्र में एक-एक स्थल का चयन
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। मुख्यमंत्री पर्यटन संवर्धन योजना के तहत जिले में पांच धार्मिक स्थलों के पर्यटकीय विकास के लिए शासन की ओर से हरी झंडी मिल चुकी है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्रों से एक-एक स्थलों के लिए प्रस्ताव पर प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान मिली है। प्रथम किस्त आवंटित भी हो गई है।
सूबे की योगी सरकार ने सभी विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक धार्मिक स्थलों के पर्यटकीय विकास का निर्णय लिया। इसके लिए विधायकों से स्थलों का चयन कर प्रस्ताव मांगा। मुख्यमंत्री संवर्धन योजना के तहत भेजे गए प्रस्ताव पर शासन की ओर से प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। उत्तर प्रदेश शासन के अनुसचिव गिरिजापति द्विवेदी की ओर से महानिदेशक पर्यटन को भेजे गए पत्र में स्वीकृति की जानकारी दी है। इसके तहत कपिलवस्तु विधानसभा क्षेत्र के योगमाया मंदिर, बांसी विधानसभा क्षेत्र में चेतिया स्थित मोती सागर शिव मंदिर, डुमरियागंज विधानसभा क्षेत्र में गालादेवी मंदिर, शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र में समयमाता मंदिर कठेला और इटवा विधानसभा क्षेत्र में कटेश्वर नाथ मंदिर शामिल हैं। सभी पर 50-50 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। प्रथम किस्त की धनराशि भी आवंटित कर दी गई है। इनमें शोहरतगढ़ में 24.56 लाख, शेष के लिए 23.29 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं। जिला पर्यटन सूचना अधिकारी मो. मकबूल ने बताया कि जल्द ही इन स्थलों पर विकास कार्य शुरू हो जाएंगे।