बढ़नी के कल्लनडिहवा में शव निकलवाती पुलिस।
- फोटो : SIDDHARTHNAGAR
सिद्धार्थनगर जिले के ढेबरुआ थानाक्षेत्र की बढ़नी नगर पंचायत के कल्लनडिहवा में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत युवती की कब्र में दफनाई गई लाश को सोमवार को बाहर निकाला गया। सडीएम व सीओ सहित तीन थाने की पुलिस की मौजूदगी में शव निकाला गया और पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई की रात में शव को दफनाया गया था।
ढेबरुआ पुलिस को बढ़नी नगर पंचायत के चौकीदार से सूचना मिली कि बढ़नी नगर पंचायत के वार्ड नंबर सात कल्लनडिहवा की रहने वाली रुबी खातून (18) पुत्री शेरजहां उर्फ बुद्धन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए लाश को दफना दिया है।
पुलिस ने डीएम से अनुमति लेकर कब्र से शव निकलवाने सोमवार को कल्लनडिहवा स्थित कब्रिस्तान पहुंची। शोहरतगढ़ एसडीएम उत्कर्ष श्रीवास्तव व सीओ राणा महेंद्र प्रताप सिंह की मौजूदगी में शव निकाला गया।
इस संबंध में ढेबरुआ थानाध्यक्ष हरिओम कुशवाहा ने बताया कि मृतक के परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए लाश को दफना दिया था, जिससे मामला संदिग्ध लगा। मौत का कारण पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
विवाहित थी युवती
पुलिस के अनुसार, लगभग दो माह पूर्व युवती क्षेत्र के ही एक गांव के युवक के साथ अपने घर से चली गई थी। युवती के परिजनों की शिकायत पर युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इधर, परिजनों ने जून में बस्ती के एक गांव में युवती का विवाह कर दिया। इन दिनों युवती मायके आई हुई थी और 29 जुलाई को उसकी संदिग्ध हाल में उसकी मौत हो गई और मायके वालों ने दफना दिया। फिलहाल उसकी ससुराल पक्ष के लोग सामने नहीं आए हैं।