फोटो-101,102,105
- गांव से शहर तक सड़कों पर जलजमाव, आम की फसल को हुआ नुकसान
सब्जी की खेती करने और धान की नर्सरी डालने की तैयारी में लगे किसानों को बारिश से लाभ
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। जिले में बृहस्पतिवार सुबह साढ़े सात बजे आंधी और फिर बारिश हुई। इससे जगह-जगह जलभराव हो गया और लोगों को आने-जाने में दिक्कत हुई। आंधी से आम की फसल को भी नुकसान पहुंचा है। वहीं सब्जी की खेती और धान की नर्सरी डालने की तैयारी में जुटे किसानों के लिए बारिश लाभप्रद बताई जा रही है।
इटवा, डुमरियागंज, शोहरगढ़, बांसी सहित सभी क्षेत्रों में बारिश हुई। सब्जी की खेती करने वाले सिसवा बुजुर्ग गांव निवासी किसान बजरंगी यादव, चिन्नू यादव, सिंगिया गांव निवासी सुभाष यादव का कहना था कि इस वर्ष बारिश अच्छी हो रही है। सब्जी की खेती के लिए यह बारिश काफी अनुकूल है। जिला कृषि अधिकारी सीपी सिंह ने बताया कि बारिश से नुकसान नहीं हुआ है। अब किसान खेत की जुताई कर नर्सरी के लिए खेत तैयार कर सकेंगे। कुल मिलाकर बारिश से लाभ हुआ है।
वहीं आम के बाग की रखवाली करने वाले किसान लक्ष्मीकांत, विजयकांत पांडेय ने बताया कि इस वर्ष आम की फसल अच्छी थी। मगर सुबह आंधी से आम टूटकर गिर गए। ऐसे में फसल को नुकसान हुआ है।