संवाद न्यूज एजेंसी
उसका बाजार। थानाक्षेत्र के भिटिया गांव के समीप बुधवार की दोपहर में बस, कार व बाइक की भिड़ंत हो गई। इसमें बाइक सवार दो लोगों को चोट आई है। इन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। इस भिड़ंत से वहां लगभग आधे घंटे तक जाम लगा रहा। मौके पर पुलिस ने पहुंचकर जाम खुलवाया।
जानकारी के अनुसार गोरखपुर की तरफ से एक प्राइवेट बस आ रही थी, सिद्धार्थनगर की तरफ एक कार जा रही थी। अभी यह वाहन नगर पंचायत क्षेत्र में लगे साइन बोर्ड के पास पहुंचे थे कि इसी बीच एक बाइक सवार लगभग 12 वर्षीय बच्चे को बैठाकर अपनी साइड से निकल रहा था। बताया जा रहा है कि अचानक बस चालक सड़क में बने गढ्ढे से बचने के लिए गाड़ी को दूसरे साइड में मोड़ दी। इससे बाइक सवार हड़बड़ा गया और उसकी भिड़ंत बस से हो गई। इसमें बाइक चला रहे व्यक्ति व 12 वर्षीय बच्चा दूर जा गिरे। इससे इन्हें गंभीर चोट आई है।
इसके बाद पीछे से आ रही कार की भी बस से टक्कर हो गई। टक्कर इतना जोरदार थी कि कार के दो एयरबैग खुल गए, इससे कार ड्राइवर सुरक्षित बच गया। टक्कर होते ही बस चालक बस छोड़कर फरार हो गया। इससे सड़क के दोनों तरफ जाम लग गया। लोगों ने किसी तरह से घायल दोनों बाइक सवार को जिला अस्पताल पहुंचाया, इनकी गंभीर हालत को देखते हुए यहां से इन्हें मेडिकल काॅलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया।
इस संबंध में एसओ हरेकृष्ण उपाध्याय ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त तीनों वाहन पुलिस के कब्जे में हैं, अभी किसी के तरफ से तहरीर नहीं मिली है। चोट के कारण दोनों बाइक सवार अपना नाम व पता नहीं बता पाए। पुलिस अपने स्तर से नाम पता जानने की कोशिश कर रही है।