ढेबरूआ थाने में पुलिस के गिरफ्त में आरोपी
- फोटो : SIDDHARTHNAGAR
नकदी व चोरी का माल बरामद, तीन गिरफ्तार
ढ़ेबरुआ थानाक्षेत्र के मुड़िला पोखरा के पास से पुलिस ने पकड़ा
पूछताछ करने के बाद तीनों आरोपियों को भेजा गया जेल
अमर उजाला ब्यूरो
बढ़नी। ढ़ेबरुआ पुलिस ने शुक्रवार देर रात गश्त करने के दौरान तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी में प्रयोग करने वाले सामान व चोरी की साड़ी बरामद किया गया है। पूछताछ करने के बाद जेल भेज दिया गया।
शनिवार को ढ़ेबरुआ थाने में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में एसओ ढ़ेबरुआ तहसीलदार सिंह ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार की रात बढ़नी चौकी इंचार्ज महेश सिंह की संयुक्त टीम गश्त पर थी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्य मुडिला पोखरे के पास मौजूद हैं। मामले को संज्ञान लेते हुए मौके पर पहुंचकर घेराबंदी करके तीन लोगों को पकड़ा गया। पकड़े बदमाशों की पहचान शक्ति अग्रहरि निवासी लोहिया नगर बढ़नी, मो. शमीम वार्ड नंबर एक आंबेडकर नगर कस्बा बढ़नी, हैदर निवासी रामलीला मैदान कस्बा बढ़नी के रूप में की गई। इनके कब्जे से चोरी में प्रयोग आने वाला दो सब्बल, एक पिलाश, एक पेचकस और चोरी की 17 साड़ी 10500 रुपये नकदी बरामद किया गया। पूछताछ करने के बाद तीनों को जेल भेज दिया गया है। पकड़ने वाली टीम में चौकी प्रभारी महेश सिंह, आरक्षी विजय यादव, धर्मेंद्र प्रजापति, सत्यवीर यादव शामिल रहे।