इटवा। कस्बे के निजी अस्पताल संचालक राकेश यादव के साथ मारपीट करने, हाॅस्पिटल से जबरन घसीटकर ले जाने और वाहन में रखे रुपये को वापस न करने के आरोप में तीन पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई।
मंगलवार को पीड़ित के भाई राजेश कुमार यादव ने एसओ इटवा को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग के बाद एसपी ने तीन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है।
मंगलवार देर रात एसओ इटवा को दिए शिकायती पत्र में राजेश कुमार यादव ने आरोप लगाया है कि एलआईयू के सिपाही आकाश चौरसिया, कंप्यूटर ऑपरेटर विपुल राय व का नरेंद्र देव चौहान आए पूछताछ करने लगे। इसी दौरान वह लोग जबरन उसके भाई और उनके चार पहिया वाहन को थाने लेकर चले गए और चार पहिया वाहन को थाना परिसर में ले जाकर खड़ा कर दिया। इस बात की जानकारी उच्चाधिकारियों को नहीं दी।
आरोप है कि वाहन में दो लाख रुपये रखे हुए थे। शिकायती पत्र में आरोप है कि दूसरे दिन दो लाख रुपये के सापेक्ष मात्र 85 हजार रुपये वापस किए हैं। मामले की जांच करके कार्रवाई की जाए।