तीन ऑक्सीजन प्लांट तैयार
चार का कार्य अंतिम चरण में, तैयारी में जुटा स्वास्थ्य विभाग
अस्पतालों में 410 बेड पर होगी ऑक्सीजन पाइप की सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। कोरोना की तीसरी लहर से लड़ने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने खासी रणनीति तैयार की है। तीन ऑक्सीजन प्लांट तैयार हो गए हैं, जबकि चार ऑक्सीजन प्लांट का कार्य अंतिम चरण में है। जनपद में अलग-अलग स्थानों पर 410 बेड के वार्ड बनाने की प्रक्रिया युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है। इन सरकारी अस्पतालों में पाइप लाइन के जरिए ऑक्सीजन देने की कवायद अंतिम चरण में है।
कोरोना की तीसरी लहर की आहट के बाद निपटने के लिए तैयारियों के क्रम में जिला अस्पताल के पीछे बना एमसीएच विंग आइसोलेशन अस्पताल में तब्दील है। इसी अस्पताल में बच्चों के लिए अलग से 100 बेड के वार्ड तैयार किया जा रहा हैं। यह सभी बेड ऑक्सीजन प्लांट से जुड़ेंगे। जिला अस्पताल में तीन ऑक्सीजन प्लांट तैयार हो गए हैं। इसके अलावा डुमरियागंज, मिठवल, बर्डपुर और इटवा के सीएचसी पर 50-50 बेड के पीआईसीयू वार्ड बनाने का काम तेजी से हो रहा है। यह भी आक्सीजन प्लांट से सीधे तौर पर जुड़े होंगे, ताकि आक्सीजन की कमी न होने पाए। विभाग इन अस्पतालों में सामान्य बेड के अलावा वेंटिलेटर के बंदोबस्त कराने में जुट गया है। इसके अलावा सीएचसी-पीएचसी पर बनें पीकू, मिनी पीकू और ईटीसी (इंसेटिव केयर यूनिट) को भी एक्टिव रहने का दिशा-निर्देश दिया गया है। इस बाबत सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी तीसरी लहर से निपटने के लिए एमसीएच विंग के अलावा चार सीएचसी पर तैयारी चल रही है। बच्चों के लिए अलग से वार्ड बनाए जा रहे हैं।
अस्पताल में हाईटेक सुविधाएं
जिला अस्पताल में शासन के दिशा-निर्देश पर 50-50 बेड के पीआईसीयू व आइसोलेशन वार्ड तैयार हो रहे हैं। इसमें पीआईसीयू के लिए आरक्षित 50 बेड में 20 बेड वेंटिलेटर युक्त व 30 बेड एचडीयू (हाई डिपेंडेंसी यूनिट) के होंगे। जबकि आइसोलेशन वार्ड में 50 बेड में 30 बेड एचडीयू व 20 बेड हाईटेक सुविधाओं से युक्त होंगे। यह सभी बेड आक्सीजन पूरित होंगे।
90 स्वास्थ्यकर्मी निभाएंगे जिम्मेदारी
स्वास्थ्य विभाग ने तीसरी लहर में बच्चों के वार्ड को संचालित करने के लिए 90 लोगों का चयन किया है। इसमें 12 बालरोग विशेषज्ञ समेत 90 मेडिकल व पैरामेडिकल स्टाफ शामिल हैं। इन सभी को तीन शिफ्ट में दो दिवसीय ट्रेनिंग सीएमओ आफिस के अचल प्रशिक्षण केंद्र में दी जाएगी। ट्रेनिंग 30 जून से 30-30 के बैच में प्रारंभ होगी।
तीसरी लहर की तैयारी एक नजर में
केंद्र फैसिलिटी
एमसीएच विंग 100 बेड पीआईसीयू
सीएचसी बर्डपुर 50 बेड पीआईसीयू
सीएचसी इटवा 50 बेड पीआईसीयू
सीएचसी डुमरियागंज 50 बेड पीआईसीयू
सीएचसी मिठवल 50 बेड पीआईसीयू
जिला अस्पताल 50 बेड आइसोलेशन
जिला अस्पताल 50 बेड पीआईसीयू
जिला अस्पताल 10 बेड ट्रायज कार्नर