परिषदीय विद्यालयों के परीक्षा मूल्यांकन कार्य में लापरवाही बरतने पर बीएसए अजय कुमार सिंह ने दो खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) व तीन सह समन्वयकों पर कार्रवाई करते हुए उनका एक दिन का वेतन काटने का आदेश दिया है।
जानकारी के अनुसार परिषदीय विद्यालयों में इस बार बोर्ड की तर्ज पर संपन्न हुई परीक्षा का मूल्यांकन कार्य शनिवार को शुरू हुआ। कक्षा पांच की कापियां एनपीआरसी व कक्षा आठ की कापियों का मूल्यांकन बीआरसी स्तर पर होना निर्धारित हुआ।
बीएसए ने निरीक्षण के दौरान बीआरसी बढ़नी में खंड शिक्षा अधिकारी जेपी चौधरी व सह समन्वयक यशवंत राय अनुपस्थित मिले। इसके अलावा शोहरतगढ़ बीआरसी पर खंड शिक्षा अधिकारी गोपाल मिश्र और सह समन्वयक मनोज यादव व मुश्तन शेरुल्लाह अनुपस्थित मिले।
बीएसए ने मूल्यांकन के दौरान अनुपस्थिति को गंभीर लापरवाही मानते हुए सभी का एक दिन का वेतन काटने का आदेश देते हुए स्पष्टीकरण तलब किया है। बीएसए अजय कुमार सिंह ने बताया कि परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा का स्तर सुधारने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
किसी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मूल्यांकन कार्य के दौरान गैरहाजिर रहने पर उक्त कार्रवाई की गई है।