जिले में लगाए जाएंगे साढ़े तीन लाख झंडे : डीएम
सिद्धार्थनगर। आजादी का अमृत महोत्सव के तहत 11 से 17 अगस्त 2022 के बीच आयोजित होने वाले हर घर तिरंगा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी जुट जाएं। ये बातें डीएम संजीव रंजन ने कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को आयोजित बैठक में कही।
डीएम ने कहा कि हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत जिले में निर्धारित लक्ष्य साढ़े तीन लाख तिरंगा झंडों के निर्माण के लिए स्वयं सहायता समूहों, स्थानीय टेलर्स तथा आईटीआई व अन्य वोकेशनल प्रशिक्षण केंद्रों के दक्षकारों का चयन किया गया है। जनपद वासियों को अपने घर एवं प्रतिष्ठानों पर तिरंगा झंडा फहराने के लिए प्रेरित करना है। प्रत्येक सरकारी अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, स्वयं सहायता समूहों, नागरिक संगठनों आदि के सहयोग से कार्यक्रम क्रियान्वित किया जाए। वाणिज्यिक एवं व्यावसायिक समूहों एवं संगठनों को उनकी सहभागिता व तिरंगा झंडा बनवाने के लिए प्रेरित करें। इसके लिए अधिशासी अधिकारी, डीपीआरओ, एनआरएलएम एवं समस्त खंड विकास अधिकारियों की जिम्मेदारी होगी।
हर घर तिरंगा कार्यक्रम के सफलतापूर्वक आयोजित कराने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार, स्वयं सहायता समूहों को सम्मिलित करते हुए झंडा निर्माण समूहों का गठन किया जाए। इस दौरान एडीएम उमाशंकर, जिला विकास अधिकारी शेषमणि सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक अवधेश नारायण मौर्य, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी देवेंद्र कुमार पांडेय मौजूद रहे।
संचारी रोग नियंत्रण अभियान के लिए हुई बैठक
सिद्धार्थनगर। कलेक्ट्रेट सभागार में विशेष संचारी रोग नियंत्रण, दस्तक अभियान, संचारी रोगों, दिमागी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण एवं क्षय रोग के संबध में बैठक हुई।
डीएम संजीव रंजन ने कहा कि द्वितीय चरण का संचारी रोग नियंत्रण अभियान एक से 31 जुलाई तथा दस्तक अभियान 16 से 31 जुलाई तक आयोजित किया जाएगा। इसमें दिमागी बुखार, कोविड-19 एवं अन्य संक्रामक रोगों के संबेध में जन जागरुकता के लिए 16 से 31 जुलाई के मध्य दस्तक अभियान आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान सीएमओ डॉ. अनिल कुमार चौधरी, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सलिल श्रीवास्तव, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नीना वर्मा उपस्थित रहे। संवाद