संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। बेसिक शिक्षा विभाग एवं बिजली निगम की सर्वे में जिले के 169 परिषदीय विद्यालयों के ऊपर से बिजली तार गुजर रहे हैं।
इससे इन विद्यालयों में पढ़ रहे 20 हजार से अधिक बच्चों व अध्यापकों पर खतरा मंडराता है। जिन्हें हटाने के लिए शासन से 1.89 करोड़ रुपये अवमुक्त हो चुके हैं। इसके तहत बिजली निगम की ओर से टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
बिजली निगम की मानें तो जल्द ही इन परिषदीय विद्यालयों के ऊपर से गुजर रहे बिजली तार हटाए जाएंगे। भनवापुर ब्लाॅक क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय जहदा मुस्तहकम में 109 बच्चे पंजीकृत हैं, जिसमें प्रतिदिन करीब 75 से 80 बच्चे उपस्थित रहते हैं।
स्कूल परिसर के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार के कारण हादसे की आशंका बनी रहती हैं। इसी तरह क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय बुढ़ियाटायर के परिसर में लगा ट्रांसफाॅर्मर व उसके साथ जुड़े हाईटेंशन तार का जाल सा बना है। विद्यालय में पंजीकृत 98 बच्चों के साथ मध्याह्न भोजन अवकाश व खेलते समय हादसे की आशंका बढ़ जाती है।
इंचार्ज प्रधानाध्यापक विपेंद्र सिंह ने बताया कि बच्चों को छुट्टी या खेलने के दौरान डांटते रहते हैं कि उधर मत जाओ। कई बार तार व ट्रांसफाॅर्मर हटवाने के लिए पत्र दिया, मगर अभी तक हाईटेंशन तार व ट्रांसफाॅर्मर नहीं हटवाया गया है। कंपोजिट विद्यालय पटना में कुल 172 बच्चे पंजीकृत हैं, जिसमे प्रतिदिन करीब डेढ़ सौ बच्चे उपस्थित रहते हैं।
स्कूल परिसर में लगे पोल के सहारे गुजर रहे 11 केवी हाईटेंशन लाइन के तार से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। कई बार पत्र देने के बाद भी तार नहीं हटाया गया।
इसी तरह भनवापुर ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय सिकरा बुजुर्ग, बर्डपुर ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय बूड़ा, उसका ब्लॉक के कंपोजिट विद्यालय बकैनिया के परिसर में ट्रांसफाॅर्मर स्थित है, और बिजली तार गुजर रहे हैं। इससे बच्चों को खतरा रहता है।