पुलिस लाइन में गणतंत्र दिवस की तैयारी का जायजा लेते एसपी।
- फोटो : अमर उजाला
सिद्धार्थनगर। गणतंत्र दिवस की तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच गई हैं। मुख्य समारोह को भव्य बनाने के लिए पुलिस लाइंस के मैदान में परेड की रिहर्सल के दौरान जवान पसीना बहा रहे हैं। उधर, स्कूली बच्चे भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रिहर्सल में जी-जान से जुटे हुए हैं।
रविवार को एसपी डॉ. धर्मबीर सिंह ने पुलिस लाइंस के मैदान में परेड का निरीक्षण किया। वहीं, जवानों की हौसलाअफजाई करते हुए मुख्य समारोह को शानदार, यादगार बनाने के टिप्स दिए। एसपी ने कहा कि गणतंत्र दिवस में अब चार दिन शेष रह गए हैं। फु ल ड्रेस रिहर्सल 24 जनवरी को होगी। उन्होंने इससे पहले सभी प्रकार की कमियों को दूर कर लेने की हिदायत दी।
उन्होंने आरआई लाइन सीबी सिंह को परेड स्थल की साफ-सफाई, साज-सज्जा के लिए निर्देशित किया। उधर, स्कूली बच्चों ने भी परेड ग्राउंड में अपने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दीं। उसमें व्याप्त खामियों को ढूंढा और उसे सुधारने के लिए जरूरी टिप्स लिए। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद मिश्र, क्षेत्राधिकारी सदर दिलीप कुमार सिंह, पीआरओ आलोक कुमार श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।