संवाद न्यूज एजेंसी
शोहरतगढ़। थाना क्षेत्र के मधवापुर टोला पुरैना में सोमवार की रात चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाया। चोर नकदी समेत आभूषण चोरी कर ले गए। चोरी की वारदात से गांव में दहशत है।
क्षेत्र के पुरैना में रविवार को पटनेश्वरी व नंदनी के घर के लोग नेपाल के तौलिहवा में तौलेश्वर नाथ मंदिर गए थे। सोमवार शाम को घर पहुंचे। खाना खाने के बाद सब सो गए। पीड़िता ने बताया कि गांव का ही चोर छत के रास्ते घुसा और तीन जोड़ी पायल, झुमकी व 30 हजार रुपये चुरा ले गया। दूसरे घर में नंदनी बरामदे में सो रही थी। फाटक में ताला नहीं लगा था। फाटक खोल कर चोर अंदर घुसा। मोबाइल उठा ले गया। नंदनी के गले में सोने की माला खींचने लगा। उसी समय व जग गई और चिल्लाई। उसके थोड़ी देर बाद चोर अब्दुल्ला के घर पहुंचा। बरामदे में सो रही उसकी पत्नी महिना के गले से मंगल सूत्र खींच कर भाग गया।
प्रभारी निरीक्षक विंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि एक घर में चोरी की सूचना मिली है। महिला चोर का नाम भी बता रही है। तहरीर नहीं दी गई है। मामला संदिग्ध लग रहा है। जांच की जा रही है।