सिद्धार्थनगर। मौसम में दिन प्रतिदिन बदलाव होने से लोगों को ठंड से राहत नहीं मिल रही हैं, जबकि मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक धूप छाने के बाद एक बार फिर घना कोहरा छाने से ठंड बढ़ जाएगी। इस बार ठंड के साथ दिन में भी घना कोहरा छाएगा।
मंगलवार को बादल छाने से ठंड बढ़ गई। पूरे दिन बादलों की आवाजाही लगी रही, जबकि पछुआ हवा चलने से लोगों को गलन का सामना करना पड़ा। पूरे दिन धूप नहीं खिलने से जरूरत होने पर ही लोग घर से निकले। ठंड इतनी बढ़ गई कि लोग पूरे दिन जैकेट के साथ ही मफलर टोपी पहने नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार तीन दिन बाद बादल व कोहरा छाने से लोगों को ठंड का सामना करना पड़ेगा, जबकि उसके बाद घना कोहरा दिन में भी छाया रहेगा। इससे ठंड बढ़ जाएगी।