भवानीगंज। थाना पुलिस ने बुलेट मोटरसाइकिल चोरी की वारदात का 24 घंटे में खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की दो बुलेट मोटरसाइकिल, एक तमंचा, कारतूस, मास्टर चाभी और नकदी बरामद की है।
भवानीगंज कस्बे में रविवार रात घर के बाहर खड़ी बुलेट मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विजय शंकर सिंह पुलिस टीम के साथ सक्रिय हो गए। जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को सरयू नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान इस्माइल शाह निवासी कृष्णा नगर, नेपाल और मोहम्मद अरमान निवासी चैपुरवा कृष्णा नगर के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बलरामपुर और भवानीगंज क्षेत्र से बुलेट मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की। उन्होंने यह भी बताया कि पहले चोरी की गई एक हंटर बुलेट और होंडा बाइक को बेच चुके हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।