गांव गढ़ी थानी के तीन घरों में लाखों की चोरी
- फोटो : अमर उजाला
इटवा/भनवापुर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के झुड़िया गांव में रविवार की रात चोरों ने तीन घरों में घुसकर लाखों का माल साफ कर दिया। चौथे घर में घुसने की कोशिश के दौरान ग्रामीणों ने एक चोर को ने पकड़ लिया। बचाव में चोर ने चाकू से हमला किया, बावजूद ग्रामीणों ने उसे नहीं छोड़ा। पिटाई के बाद उसे पुलिस को सुपुर्द कर दिया है। उधर, राउतडीला गांव में भी चोरों ने एक घर को निशाना बनाया। वहां से लाखों का माल गायब कर दिया।
झुड़िया निवासी कौशल किशोर मौर्या के घरवाले रविवार की रात सो रहे थे। करीब डेढ़ बजे घर के पीछे से होकर चोर छत के रास्ते आंगन में उतरे। कमरे में घुस कर चोरों ने मोबाइल फोन व दस हजार रुपये समेट लिया। इसी दौरान खटपट की आवाज सुनकर घरवालों की नींद खुल गई। शोर-गुल मचाते हुए उन्होंने एक चोर को पकड़ लिया। उसके दो अन्य साथी फरार हो गए। पकड़े गए चोर ने बचाव में चाकू से प्रहार किया। हमले में कौशल किशोर मौर्य, पत्नी सुनीता, अरुण कुमार, रामलाल व मानिक राम जख्मी हो गए।
बावजूद ग्रामीणों ने चोर को नहीं छोड़ा। पकड़ा गया चोर अब्दुल रजा उर्फ कल्लू इटवा थाना क्षेत्र के भावपुर मीरा गांव का निवासी बताया जाता है। इससे पहले चोरों ने पास के ही हनुमान प्रजापति व नूरजहां के मकान को निशाना बनाने की बात स्वीकारी। मौके पर पहुंची यूपी-100 ने चोर को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष त्रिलोकपुर देवेंद्र कुमार मिश्रा का कहना था कि घटना की सूचना मिली है। केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है। उधर, इसी थाना क्षेत्र के राउतडीला गांव में प्रदीप मिश्र उर्फ बबलू के घर में रविवार की रात घर के पीछे की दीवार में सेंध काटकर घुसे चोरों ने 29 हजार नकद, सोने-चांदी के आभूषण, कपड़ा सहित अन्य सामान चुरा लिया। सुबह घर वालों को घटना की जानकारी हुई। पीड़ित ने सूचना पुलिस को दे दी है।