सर्द रातों में चोरों की धमक जारी है। बुधवार की भोर में चोरों ने सदर थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर राहुल नगर वार्ड के ताला लगे दो घरों में चोरी किया। भागते समय एक व्यक्ति के टोकने पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान मकानों में हलचल होती देख साइकिल व चावल की बोरी को छोड़ भाग गए। चोरों ने दोनों घरों से करीब एक लाख रुपये के जेवरात व कुछ नकदी पर हाथ साफ किया। घायल व्यक्ति का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
पीड़ित थाना लोटन के ग्राम रसियावल कला निवासी राजकुमार पांडेय ने बताया कि इश्तखार खान के मकान की ऊपरी मंजिल के फ्लैट को किराए पर लेकर परिवार समेत रहते हैं। मां की तबीयत खराब होने पर गोरखपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया। मंगलवार दिन में पत्नी माया पांडेय को भी बच्चों समेत अस्पताल बुला लिया। इसके बाद सुबह पड़ोसियों ने फोन कर चोरी की सूचना दी। माया पांडेय ने बताया कि चोर चैनल गेट में लगे ताले को तोड़ अंदर घुसे। कमरों के ताले तोड़े। सोने की चेन व अन्य आभूषण, कुछ नकदी के साथ गर्म कपड़े उठा ले गए। घर के ठीक सामने सितारुन्निशां के मकान को भी चोरों ने खंगाला। पीड़िता ने बताया कि पति अफजल खान मालदीव में रहते हैं। बेटी को परीक्षा दिलाने के लिए पांच दिन पूर्व ककरहवां गई थी। इस दौरान मुख्य द्वार पर ताला लगा था। छत के रास्ते से चोर अंदर घुसे। कमरों को आराम से खंगाला। सभी कमरों में रखे सामानों को चेक करने के बाद सोने की चेन, अंगूठी, पायल, गर्म कपड़ों की चोरी किया। घटना को अंजाम देकर जब चोर महज दस कदम दूर निकले, इसी दौरान सदस्य राज्य महिला आयोग इंद्रासना त्रिपाठी का ड्राइवर शकील बाहर सड़क पर इनको मिल गया। उसने टोकते हुए भोर में घूमने का कारण पूछा तो चोरों ने चाकू से हमला कर दिया। आवाज सुन लोग बाहर जब तक निकलते साइकिल व उस पर रखा चावल कीे बोरी को छोड़ कर चोर रेलवे लाइन की तरफ भाग निकले। इस संबंध में एएसपी अशोक कुमार ने बताया कि खुलासा करने के लिए पुलिस टीम को लगाया गया है। घायल व्यक्ति से पुलिस ने आरोपियों के हुलिया की जानकारी लिया है। संदिग्धों की शिनाख्त भी कराई जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
---