शटर का ताला तोड़कर दुकान में चोरी
चिल्हिया थानाक्षेत्र के मुसहरी चौराहे पर हुई वारदात
संवाद न्यूज एजेंसी
चिल्हिया। थानाक्षेत्र के मुसहरी चौराहे पर स्थित एक किराने की दुकान में शटर का ताला तोड़कर चोर सामान चुरा ले गए। चोरी की जानकारी दुकानदार को बृहस्पतिवार की सुबह हुई। दुकानदार ने पुलिस को सूचना देकर कार्रवाई की मांग की।
क्षेत्र के मुसहरी गांव निवासी शकील की गांव के ही चौराहे पर किराने की दुकान है। रोज की तरह बुधवार को वह देर शाम दुकान को बंद करके घर चला गया था। देर रात चोर शटर का ताला तोड़कर दुकान में घुस गए और नकदी व सामान चुरा ले गए। शकील के मुताबिक बृहस्पतिवार सुबह दुकान खोलने के लिए पहुंचा तो शटर का ताला टूटा था। दुकान खोलकर अंदर देखा तो दुकान में समान गायब थे। गल्ले में रखा पांच हजार नकदी भी नहीं था। चोर नकदी सहित लगभग 30 हजार रुपये का सामान उठा ले गए। उसने घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दी। पल्टादेवी चौकी इंचार्ज अनुज यादव ने बताया मुसहरी चौराहे पर किराने की दुकान में चोरी की घटना की सूचना मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर करवाई की जाएगी।