आवास योजना के लाभार्थियों को मिली चाभी
प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी का मामला
सांसद, विधायक की मौजूदगी में कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी अंतर्गत मुख्यमंत्री की ओर से वर्चुअल माध्यम से लाभार्थियों को सिंगल क्लिक से धनराशि हस्तांतरित किया गया। इस मौके पर जिले में भी सांसद, विधायक की मौजूदगी में 10 लाभार्थियों को आवास की चाभी एवं प्रमाणपत्र प्रदान किया गया।
जिला नगरीय विकास अभिकरण की ओर से प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) अंतर्गत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में वर्चुअल माध्यम लाभार्थियों को सिंगल क्लिक के माध्यम से धनराशि हस्तांतरित किया। जनपद में भी 10 लाभार्थियों को आवास की चाभी एवं प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। इनमें रीता देवी, संजू, मंजू देवी, कविता, संगीता देवी, बिंदी, गीता, दीपा देवी, पूनम देवी और रेनू शामिल थीं। इस मौके पर सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में समाज का हर तबका खुशहाल है। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के तर्ज कर हर क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल हो रही है। विधायक श्याम धनी राही ने कहा कि सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता के लिए सीएम ने कई अहम कदम उठाए हैं। गैर भाजपा सरकारों में विशेष वर्ग के लिए योजनाएं लागू थी। इस दौरान डीएम दीपक मीणा, सीडीओ पुलकित गर्ग भी उपस्थित थे।