इटवा तहसील में प्रर्दशन करतीं महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विकास क्षेत्र के ग्राम पंचायत झुड़िया की महिलाओं ने गुरुवार को तहसील कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। खाद्यान्न वितरण में अनियमितता का आरोप लगाते हुए महिलाओं ने नारे लगाए और एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर जांच की मांग की।
विरोध प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना था कि गांव का कोटेदार खाद्यान्न वितरण में मनमानी कर रहा है। चीनी का वितरण सिर्फ त्योहारों में होता है, जबकि नियमानुसार प्रतिमाह राशन व चीनी आदि का वितरण किया जाना चाहिए। महिलाओं ने बताया कि अप्रैल व मई के राशन में आधे भी पात्रों को राशन नहीं मिल पाया है। कोटेदार की इस मनमानी से गरीब पात्रों को अपना हक नहीं मिल रहा है।
इस संबंध में उपजिलाधिकारी इटवा एम.जुबेर बेग ने कहा कि शिकायत मिली है। इस मामले की जांच की जाएगी। अगर खाद्यान्न का वितरण पात्रों में नहीं किया गया है तो कोटेदार के विरुद्ध कार्रवाई होगी। विरोध प्रदर्शन करने वालों में कलावती, निर्मला, गुड़िया, लीलावती, ममता आदि महिलाएं शामिल रहीं।