संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। डुमरियागंज नगर सहित प्रमुख मार्गों और चौराहों पर टैक्सी और ऑटो चालकों की मनमानी का खामियाजा राहगीर भुगत रहे हैं। इससे आए दिन नगर के मंदिर चौराहा के निकट और बैदोलागढ़ के पास जाम की स्थिति उत्पन्न हो जा रही है। इस पर न तो तहसील प्रशासन और न ही पुलिस महकमे के जिम्मेदारों की नजर पड़ रही है।
सड़क से सटाकर टैक्सी चालक वाहन खडे़ कर दे रहे हैं। इसकी वजह से नगर और ग्रामीण क्षेत्र में हादसे हो रहे हैं। रविवार की दोपहर और शाम को भी डुमरियागंज मंदिर चौराहा के पास दो बार ट्रैफिक जाम की समस्या उत्पन्न हुई। सड़क से सटाकर लोगों ने खडे़ किए गए वाहन और दुकान का रखा जा रहा सामान जाम का मुख्य कारण रहा। जाम की समस्या से निजात की कार्य योजना तो तैयार होती है, लेकिन आजतक उस पर अमल नहीं हुआ, जिसका खामियाजा लोग भुगत रहे हैं।
डुमरियागंज नगर क्षेत्र में कही पर भी टैक्सी स्टैंड निर्धारित न होने से मंदिर चौराहा के बढ़नी रोड और बस्ती मार्ग और उतरौला मार्ग पर आंबेडकर प्रतिमा के निकट टेंपो, बस, जीप, टाटा मैजिक आदि प्राइवेट वाहन बेतरतीब खडे़ किए जा रहे हैं। इससे रोज नगर क्षेत्र में जाम की समस्या उत्पन्न हो जा रही है। नगर में लोगों को आए दिन जाम से जूझना पड़ रहा है। हालत यह है की प्रमुख मार्गों और चौराहों पर पुलिस की अनदेखी से जगह-जगह ऑटो खडे़ रहने से आवागमन बाधित हो रहा है। बावजूद इसके आज तक इस समस्या का कोई समाधान नहीं किया गया।
नगर में ऑटो टैक्सी दिन भर फर्राटा भरते रहते हैं, लेकिन इन वाहनों को खडे़ करने के लिए कोई भी स्थाई टैक्सी स्टैंड नहीं है। इसके चलते मंदिर चौराहा, बैदोलागढ़, शाहपुर और बजरंगी चौक बेवा चौराहा पर जगह-जगह वाहनों को टैक्सी चालक मनमाने ढंग से खड़ा कर दे रहे हैं, जिससे आवागमन प्रभावित हो जा रहा है, आए दिन जाम भी लगता रहता है।
डुमरियागंज नगर के हनुमान प्रसाद, अजीत अग्रहरि, सुनील कुमार, राजेश, आबिद, इमरान संदीप कुमार, पप्पू, राजन आदि ने भी तहसील प्रशासन से टैक्सी स्टैंड निर्माण करवाए जाने और नगर में व्याप्त अतिक्रमण को हटवाए जाने की मांग की है।