जिला अस्पताल में भर्ती घायल जुबेर।
- फोटो : अमर उजाला
सिद्धार्थनगर। स्कूल में बच्चों के बीच विवाद के बाद घर पर उलाहना देने को लेकर शनिवार को दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। घटना में ईंट-पत्थर भी चले। घटना शहर के सिविल लाइन मोहल्ले की है। मारपीट में दोनों पक्षों से पांच लोग घायल हुए हैं। मौके पर एसपी, सीडीओ सहित अन्य अफसर पहुंच गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके से पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में भी लिया है।
सिविल लाइन मोहल्ला निवासी नजीर अहमद की पुत्री साहिना (11) पास के ही स्कूल में कक्षा-7 की छात्रा है। इसी स्कूल में पढ़ने वाले पड़ोस के एक छात्र से उसका विवाद हो गया। दोनों के बीच हल्की झड़प भी हुई। बच्चे घर पहुंचे तो परिवार के सदस्य एक-दूसरे को उलाहना देने लगे। गाली-गलौज के बाद नौबत मारपीट तक पहुंच गई। दोनों पक्ष से ईंट-पत्थर चलने लगे। अचानक पथराव होने से उसका रोड पर भगदड़ मच गई। इसी दौरान उस ओर से गुजर रहे डीएम-एसपी, सीडीओ सहित प्रशासनिक अफसरों का काफिला भी वहां पहुंच गया।
एसपी राकेश शंकर ने सदर पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में सीओ सदर मो.अकमल खान, एसओ शादाब खान फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। मारपीट में घायल नरगिस (55), जुबेर (20), साहिना (10), परवीन (16) और फिरोज अहमद के पुत्र जुबेर अहमद (16) को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। एसओ शादाब खान के मुताबिक बच्चों के बीच विवाद को लेकर मारपीट हुई थी। सभी घायलों का इलाज कराया जा रहा है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।