लोटन। कोतवाली क्षेत्र में रविवार दोपहर मोहाना-लोटन मार्ग पर अजान गांव के पास एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक की टक्कर से बिजली के चार खंभे और 250 केवी का ट्रांसफाॅर्मर टूट कर क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। लेकिन, बिजली आपूर्ति ठप हो गई है।
जानकारी के अनुसार, दोपहर अजान गांव के पास अनियंत्रित ट्रक पलट गया। ट्रक पलटने से मोहाना-लोटन मार्ग पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बिजली का तार ग्रामीणों की ओर से हटाने के बाद आवागमन बहाल हुआ। वहीं, बिजली गुल होने से लोगों को भीषण गर्मी में परेशानी झेलनी पड़ी। बिजली विभाग के मुताबिक चार खंभे, तार, ट्रांसफाॅर्मर समेत करीब दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष हरिओम कुशवाहा ने बताया कि ट्रक पलटने की सूचना मिली है। किसी को चोट नहीं आई है। घटना को लेकर कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।