फगवाड़ा में सड़क हादसे में अमरनाथ यात्रियों की मौत
- फोटो : अमर उजाला
इटवा। थाना क्षेत्र के इटवा-डुमरियागंज मार्ग के करहिया चौराहा के पास रविवार को बेकाबू ट्रक ने साइकिल सवार दो बच्चों को रौंद दिया। घटना में एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से जख्मी हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
क्षेत्र के फरेंदा गांव निवासी वसीउल्लाह का पुत्र रिजवान (13) गांव के ही शाह मोहम्मद के पुत्र सलमान (10) के साथ साइकिल से इटवा-डुमरियागंज मार्ग पर स्थित करहिया चौराहा पर दवा लेने के लिए घर से निकले थे। अभी वह चौराहे के समीप पहुंचे ही थे कि तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। सड़क पर गिरे बालक को ट्रक ने रौंद दिया। हादसे में साइकिल के पीछे बैठे सलमान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रिजवान जख्मी हो गया।
आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भेजा। वहीं, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष शशिभूषण पांडेय ने बताया कि शव का पंचनामा कर पीएम के लिए भेज दिया गया है। ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है। जांच की जा रही है।