सिद्धार्थनगर। इस बार भी कड़ाके की ठंड में घरों में हीटर और ब्लोअर चलेंगे तो ओवरलोड से लो वोल्टेज का दर्द उभरेगा। लगभग सात करोड़ से सात बिजली घरों की क्षमता वृद्धि होनी है, लेकिन यह कार्य दो माह से अधर में है। सात बिजली घरों में 5 से 10 एमवीए तक क्षमता वृद्धि करने की योजना है। यह मार्च तक पूरा का लक्ष्य है।
ऐसी स्थिति में शहर के इंदिरानगर, मधुकरपुर, सिंहेश्वरीपूरम, पकड़ी क्षेत्र सहित अन्य क्षेत्रों में लोड बढ़ने पर बिजली की आंख मिचौली होने की आशंका है। जबकि गर्मी में राहत देने वाली बिजली आपूर्ति शुरू होने की पूरी संभावना है।
शहर से सटे लोटन, बर्डपुर, बांसी ग्रामीण, पोखरभिटवा, मरवटिया, पकड़ी व इटवा तहसील बिजली घर शामिल हैं। जहां लोड ज्यादा है तो फीडर को दो भागों में बांट कर नया फीडर बनाया जाएगा। परिणामस्वरूप ट्रांसफार्मरों पर 11 हजार वोल्ट की आपूर्ति से लोड कम होगा और लोगों को गर्मी में होने वाले लोकल फाल्ट से छुटकारा मिलेगा। गर्मी में लोकल फाल्ट होने से उपभोक्ताओं को परेशान होना पड़ता है।
इसमें फीडर में कनेक्शन के हिसाब से 10 और पांच एमवीए का ट्रांसफॉर्मर लगाया जाएगा। सभी बिजली घरों पर मार्च माह तक एमवीए के ट्रांसफॉर्मर लगाए जाएंगे। इस बार ठंड में परेशानी पिछले साल जैसी ही रहेगा, जबकि गर्मी में किसी भी प्रकार की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। बर्डपुर 10 और पोखरभिटवा पांच एमवीए का लगेगा ट्रांसफॉर्मर : बर्डपुर बिजलीघर से 2,11,31 उपभोक्ताओं ने कनेक्शन लिया है। ओवरलोड होने से उपभोक्ताओं को आए दिन बिजली कटौती का सामना करना पड़ता है। बर्डपुर बिजलीघर पर एक करोड़ की लागत से पांच एमवीए का ट्रांसफॉर्मर बदलकर 10 एमवीए का नया ट्रांसफॉर्मर लगाया जाएगा। वहीं पोखरभिटवा बिजलीघर पर 6101 उपभोक्ताओं के लिए एक पांच एमवीए का ट्रांसफॉर्मर लगा था।
इससे गर्मी में उपभोक्ता दिन और रात में लोकल फाल्ट का शिकार होते थे, लेकिन कनेक्शन बढ़ने से बिजली निगम पोखरभिटवा फीडर पर एक करोड़ की लागत से एक नया ट्रांसफॉर्मर लगाएगा।