संवाद न्यूज एजेंसी
डुमरियागंज। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर भाजपा की ओर से कस्बे में भारत शौर्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। देशभक्ति गीतों के साथ भारत माता की जय व वंदे मातरम् के उद्घोष से पूरा नगर गुंजायमान हो गया।
पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह के आह्वान पर भाजपाइयों सहित आम नागरिक भाजपा कार्यालय पर इकट्ठा हुए और सेना के शौर्य के प्रतीक आपरेशन सिंदूर की सफलता का बैनर व अन्य देशभक्ति नारे की तख्ती हाथों में लेकर तिरंगा यात्रा में सम्मलित हुए। तिरंगा यात्रा मंदिर चौराहा, रोडवेज, थाना से होकर रामलीला मैदान पहुंची। पूर्व विधायक ने कहा कि सेना ने ऑपरेशन सिंदूर से सर्जिकल स्ट्राइक कर पाकिस्तान में छिपे आतंकवादियों को शह देने वाले पाकिस्तान को भी सबक सिखाया है।