लोटन कस्बे में नमक खरीदते लोग।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। नमक को लेकर शुक्रवार देर शाम से शुरू हुई अफवाहें शनिवार की सुबह तक व्यापक रूप ले चुकी थी। नमक खरीदने के लिए हर तरफ अफरा-तफरी मची रही। कोई रात भर दुकानों पर नमक ढूंढता रहा तो कई पौ फटते ही नमक खरीदने घरों से निकल गया। जिले में नमक आसानी से नहीं मिला तो कइयों ने नेपाल जाकर खरीदारी की। हालांकि अफवाहों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस-प्रशासन ने हर संभव यत्न करने में कसर नहीं छोड़ी, बावजूद लोग उससे बाहर नहीं निकल पाए।
18 रुपये प्रति किलो मूल्य का नमक 100 से 200 रुपये तक बिका। अफवाह इतनी थी कि लोग नमक का स्टाक घरों में रखने के लिए अधिक मात्रा में खरीदारी करने लगे। रात करीब 9 बजे मुख्यालय के आजाद नगर मोहल्ला स्थित एक नमक गोदाम के सामने सैकड़ों लोगों की भीड़ लग गई। गोदाम मालिक को सूचना मिली, गोदाम पर पहुंच लोगों को देख उसने पुलिस को सूचना दी। सदर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच हालात को काबू में किया।
रोड पर रखे नमक की बोरियों की सुरक्षा में तीन सिपाहियों समेत एक दरोगा की ड्यूटी भी लगा दी। सुबह होने के साथ ही सीओ सदर अकमल खान व एसओ सदर शादाब खान नगर के मालगोदाम रोड, सिद्धार्थ तिराहा, बैंक रोड, खजुरिया रोड, आजाद नगर समेत आस-पास की बाजारों का निरीक्षण किया। दुकानदारों को हिदायत दिया कि कालाबाजारी या मौके का फायदा न उठाए। बर्डपुर प्रतिनिधि के अनुसार कपिलवस्तु कोतवाली पुलिस ने सुबह चैनपुर चौराहे स्थित दुकानदार कैलाश प्रसाद को नमक की कालाबाजारी के आरोप में पकड़ा। अन्य तीन दुकानदारों की शिकायत लोगों ने किया, उन्हें पुलिस ने चेतावनी देकर छोड़ा।