संवाद न्यूज एजेंसी
सकारपार। बांसी विकास क्षेत्र के सुदामापुर- हरैया मार्ग से निकल कर वाया तेजगढ़ होते हुए भगौतापुर गांव जाने वाली लिंक रोड टूट चुकी है। सड़क के जगह-जगह टूटने से बजरी उखड़ कर बिखर गई हैं, जिससे राहगीरों को आवागमन में परेशानी होती है।
क्षेत्र के तिवारीपुर ग्राम सभा के टोला सुदामापुर से निकल कर हरैया होते हुए बंधवाताल गांव जाने वाले मार्ग से निकल कर मदरहना, तेजगढ़ होते हुए भगौतापुर गांव जाने वाली लगभग तीन किलोमीटर लंबी लिंक रोड पूरी तरह से उखड़ कर जर्जर हो चुकी है।
इस पर राहगीरों को आने-जाने में काफी दिक्कत हो रही है। मदरहना गांव निवासी राम लौटन ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को आने-जाने में असुविधा न हो इसके लिए लगभग डेढ़ दशक पहले प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत इस सड़क का निर्माण करवाया गया था। लेकिन अब यह सड़क पूरी तरह से उखड़ कर जर्जर हो गई है।
लगभग पांच वर्ष पहले सड़क के मरम्मत का कार्य किया गया था, जो अब टूट चुकी है। इस रास्ते प्रतिदिन लगभग बीस हजार आबादी के लोगों का आना-जाना लगा रहता है। यह सड़क सुदामापुर से निकलकर मदरहना होते हुए तेजगढ़ गांव के अमर शहीद चंद्रशेखर स्मारक पार्क से होकर गुजरती है। क्षेत्र के लोगों को इस रास्ते अमर शहीद चंद्रशेखर स्मारक पार्क तक जाने में काफी दिक्कत होती है। क्षेत्र के राम किशुन, पिंटू, राहुल, राम नरेश, रमेश, शिवकुमार, मोहन आदि ने जल्द सड़क बनवाने की मांग की है।
इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के जेई आरपी सिंह ने बताया कि काम स्वीकृत है । धन भी आवंटन हो चुका है। जैसे ही टेंडर प्रक्रिया पूरी होकर अनुबंध गठन हो होता है, निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।