बढ़नी। एनएच-730 बढ़नी-पचपेड़वा मार्ग पर स्थित चरगहवा नदी पर बने पुल की रेलिंग कई माह से टूटी है। इससे हादसे का खतरा बना है, लेकिन जिम्मेदार इससे बेखबर हैं। हर साल बोर्ड लगाने और जर्जर की मरम्मत कराने के लिए योजनाएं तैयार होती हैं, लेकिन वह कागजाें तक सिमट कर रह जाती हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। रात के समय या बारिश में विजिबिलिटी कम होने पर यह रेलिंग दुर्घटना का कारण बन सकती है। लोगों का कहना है कि क्या कोई बड़ी दुर्घटना होने का इंतजार किया जा रहा है। पुल के आसपास कोई चेतावनी बोर्ड भी नहीं लगाया गया है और न ही अस्थायी बैरिकेडिंग की गई है, जिससे वाहन चालक सतर्क हो जाएं।
स्थानीय नागरिक विशाल, मंगरे, बबलू, सुभाष, एडवोकेट धर्मेंद्र पांडेय ने मांग की है कि टूटी रेलिंग की जल्द मरम्मत कराई जाए और तब तक अस्थायी व्यवस्था की जाए, जिससे यात्रियों की जानमाल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। संवाद⩸