धेंसा। नौगढ़ ब्लॉक क्षेत्र के धेंसा नानकार में दो वर्षों से गेहूं की बिक्री के लिए क्रय केंद्र नहीं बन रहा है।
इस वजह से महादेवा नानकार, धेंसा, अहिरौली, पारा नानकार, पलिया टेकधर, सिरवंत, ससना, साहा, पकड़ी, चनरगड्डी, सेमरियांव, कपिया सहित दर्जनों गांव के किसानों को अपने उपज का सही मूल्य नहीं मिल पा रहा है।
सरकारी क्रय केंद्र पर 2585 रुपये में गेहूं की खरीदारी की जा रही है, लेकिन आढ़तियों 2200 रुपये प्रति कुंतल की दर से गेहूं खरीद रहे हैं।
महादेवा नानकार निवासी ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि हमें इस वर्ष 30 कुंतल गेहूं बेचना है, आढ़तियों के हाथ बेचने से 400 रुपये प्रति कुंतल कम दाम मिल रहा है, लेकिन दूरी अधिक होने एवं भाग-दौड़ के कारण सरकारी क्रय केंद्र पर पहुंचाना कठिन है। धेंसा निवासी दिलीप त्रिपाठी ने बताया कि क्रय केंद्र न खुलने से स्थानीय लोगों का काफी नुकसान हो रहा है।
जिला विपणन अधिकारी रमेश कुमार ने बताया कि मंडी समिति में बनाया गया है, यदि वहां के किसानों को समस्या हो रही है तो प्रस्ताव लेकर वहां केंद्र बनवाया जा सकता है।