पडरौना। माध्यमिक विद्यालयों में शैक्षिक सत्र 2026-27 के तहत कक्षा आठ उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं के कक्षा नौवीं में प्रवेश की प्रक्रिया जारी है।
इस ट्रैक शिक्षा पोर्टल पर हाईस्कूल और इंटर के छात्रों की ऑनलाइन एंट्री करनी होगी। इसमें किसी भी तरह पर लापरवाही बरतने वाले विद्यालय संचालकों पर कार्रवाई की जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक ने प्रधानाचार्यों को पत्र जारी कर स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी विद्यालय समयबद्ध तरीके से छात्रों का डेटा पोर्टल पर अपलोड करें, अन्यथा संबंधित प्रधानाचार्यों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिले में 22 राजकीय, 55 वित्तपोषित और 291 स्वावित्त पोषित समेत कुल 368 माध्यमिक विद्यालय संचालित होते हैं। बीते एक अप्रैल से शुरू हुए नए शैक्षिक सत्र से माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा नौवीं में नामांकन प्रक्रिया चल रही है। डीआईओएस श्रवण कुमार गुप्ता ने बताया कि ट्रैक शिक्षा पोर्टल पर कक्षा नौ में प्रवेश लेने वाले प्रत्येक छात्रों की एंट्री ट्रैक शिक्षा पोर्टल पर अपलोड करनी है। इस संबंध में जिले के सभी माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को पत्र भेजकर निर्देश दिए जा चुके हैं।