संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिया । विकास क्षेत्र के जोगिया-नादेपार मार्ग के मरम्मत कार्य में बरती गई कमियागिरी के चलते सड़क की गिट्टियां दो माह में ही उखड़ने लगी हैं।
नौ किमी उक्त मार्ग से होकर कटहना, सोनौरा, उदयपुर, टिकरिया आदि गावों के लोग आवागमन करते हैं। सड़क पर जगह - जगह गिट्टियां उखाड़ जाने से आने जाने वाले राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ रही है। कई बार स्कूली बच्चे अपनी साइकिल से गिर कर चोटिल हो जाते हैं।
स्थानीय निवासी नवीन मिश्रा, बृजेश मिश्रा, रामहर्ष, रामवृक्ष, दयाशंकर, अरविंद मिश्रा आदि ने बताया कि सड़क की गिट्टियां उखड़ने के चलते करीब 50 हजार की आबादी को मुसीबत उठानी पड़ रही है।
खस्ताहाल सड़क से आवागमन हो रहा दूभर, जिम्मेदार बेखबर : महदेवा बाजार। नौगढ़ ब्लॉक क्षेत्र में महदेवा बाजार से बेलटीकर तक जाने वाली सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई है। मरम्मत के अभाव में सड़क पर गड्ढों की भरमार है। लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही है।
मार्ग से होकर दो दर्जन से अधिक स्कूलों के विद्यार्थी पढ़ने के लिए आते-जाते हैंं। मार्ग जर्जर होने से लोग आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
मार्ग से होकर महदेवा, खजुरिया, बरगदवा, बेल्टीकर, गोवर्धनपुर, लालपुर, मुजहना आदि कई गांव के लोग ब्लॉक से लेकर जिला मुख्यालय तक जाते हैं। स्थानीय निवासी आरिफ, धुपई पासवान, इसरारुल हक, श्यामलाल यादव, हरिश्चंद्र, राम अचल, उमेश, विजय शंकर आदि ने सड़क के मरम्मत की मांग की है।