इटवा ब्लाॅक पर पंचायत करते भाकियू के कार्यकर्ता।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
इटवा। स्थानीय ब्लाक परिसर में भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर पंचायत लगाई। नहर, नलकूप, कोटेदारों की मनमानी सहित विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की। अंत में राज्यपाल को संबोधित 15 सूत्रीय मांगपत्र बीडीओ को सौंपते हुए समस्याओं के निस्तारण की मांग की।
चौपाल की अध्यक्षता करते हुए भकियू के तहसील अध्यक्ष राकेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि जिम्मेदार अधिकारी किसानों की समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि किसानों के खेत में रोपाई कार्य चल रहा है। बरसात न होने के कारण नहर व नलकूप ही रोपाई का एक मात्र सहारा था।
मगर न तो क्षेत्र के किसी नहर में प्रयाप्त पानी छोड़ा गया, न ही खराब नलकूपों की मरम्मत कराई गई। मांग पत्र के माध्यम से स्वामीनाथन कमेटी की रिपोर्ट लागू करने, पात्र गृहस्थी सूची में हो रही धंधली की जांच कराने, क्षेत्र के सभी ग्राम पंचायतों में खराब हैंडपंपों की मरम्मत कराने, क्षेत्र के सभी गांवों में मच्छर रोधी दवा का छिड़काव किया जाने सहित 15 सूत्रीय मांग पत्र बीडीओ इटवा को सौंपकर समस्याओं के निस्तारण का मांग की गई। पंचायत में अब्दुल रहीम, हरीराम विश्वकर्मा, रमेश सोनी, पुजारी, चंद्र प्रकाश, हाजी शरीफ हसन, सुखदेव सिंह वर्मा, मो. मुनीफ खां आदि मौजूद रहे।