अध्यक्ष समेत नवनिर्वाचित सदस्यों ने ली शपथ
जिला पंचायत अध्यक्ष एवं सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह
बेहतर कार्ययोजना बनाकर विकास को गति दें : जयप्रताप
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। लोहिया कला भवन में सोमवार को आयोजित समारोह में नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष शीतल सिंह समेत 45 सदस्यों ने सत्य निष्ठा एवं कर्तव्य परायणता की शपथ ली। डीएम दीपक मीणा ने अध्यक्ष को शपथ दिलाई। बाद में अध्यक्ष ने सदस्यों को शपथ दिलाई। इस अवसर पर सभी ने एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए जिले के विकास को नया आयाम देने का संकल्प लिया।
समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री जयप्रताप सिंह ने कहा कि बेहतर कार्ययोजना बनाकर विकास को आगे बढ़ाएं। इसके लिए अधिक से अधिक बजट आवंटित कराकर जिले का विकास ही हमारी प्राथमिकता रहेगी।
बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सतीश चंद्र द्विवेदी ने कहा कि भाजपा की सरकार बनने के बाद से जनपद का विकास हो रहा है। लंबे समय बाद जिला पंचायत को उच्च शिक्षित अध्यक्ष मिला। सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि शीतल सिंह केेे अध्यक्ष बनने से जिला पंचायत आदर्श के रूप में स्थापित होगा। कार्यक्रम को राज्यसभा सदस्य जयप्रकाश निषाद, विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह, श्यामधनी राही, चौधरी अमर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद माधव ने संबोधित किया। संचालन नितेश पांडेय ने किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि उपेंद्र प्रताप सिंह, एसपी राम अभिलाष त्रिपाठी, सीडीओ पुलकित गर्ग, लालजी त्रिपाठी, रामकुमार कुंवर, नरेंद्र मणि त्रिपाठी, एसपी अग्रवाल, कन्हैया पासवान, फतेबहादुर सिंह आदि उपस्थित थे।
बिना देखे अध्यक्ष ने ली शपथ
लंबे समय बाद जिला पंचायत में अध्यक्ष पद की शपथ लेने वाली शीतल सिंह ने बिना देखे ही शपथ ली। इस दौरान मंचासीन समेत दर्शक दीर्घा में बैठे लोग हैरत में पड़ गए। अमूमन निर्वाचित प्रतिनिधि पढ़कर ही शपथ लिया करते हैं। सामने किसी पर्दे पर डिजिटल लेखन होने समेत तमाम कयास लगाए गए, पर ऐसा कुछ भी देखने को नहीं मिला।