झमाझम बारिश से बदला मौसम का मिजाज
चार घंटे हुई बारिश, कई क्षेत्रों में हुआ जलभराव
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। जिले में रविवार सुबह हुई चार घंटे बारिश के कारण कई क्षेत्रों में जलभराव हो गया। बारिश से तापमान में कमी आई तो लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। जहां नालियां चोक हैं, उन क्षेत्रों में कॉलोनियों में जलभराव हो गया। क्षतिग्रस्त सड़कों के गड्ढे में पानी भरने के कारण राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
शहर में नवीन सब्जी मंडी, भीमापार कॉलोनी, वन विभाग कॉलोनी, पीएचसी नौगढ़ एवं लोक निर्माण विभाग परिसर में जलभराव हो गया है। सड़कों पर पानी भरने से राहगीरों के कपड़े खराब हो रहे हैं। इसी प्रकार डुमरियागंज एवं बांसी कस्बे में जलभराव से परेशानियां हुई, क्योंकि नालियां चोक होने से जलनिकासी नहीं हो पा रही है।
मानसून हुआ सक्रिय
कृषि विज्ञान केंद्र सोहाना के मौसम वैज्ञानिक सूर्यप्रकाश सिंह ने बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण बंगाल की खाड़ी से आने वाली मानसूनी हवाएं सक्रिय हो गई हैं, इस कारण जिले के आसपास के क्षेत्रों में अच्छी बारिश हो रही है। तीन दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी। रविवार को 10 मिमी बारिश हुई। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई है। पूर्वी हवा 14 से 17 किलोमीटर तक चलने की संभावना है।