सिद्धार्थनगर। रात करीब 11 बजे का समय शहर के एक मैरिज लॉन में तेज रोशनी और सजे स्टेज के बीच कुर्सियों पर बैठे मेहमान बार-बार गमछे से पसीना पोछते नजर आते हैं। दूल्हा-दुल्हन मुस्कुराने की कोशिश में हैं, लेकिन चेहरे पर बहता पसीना और पिघलता मेकअप तस्वीरों में साफ झलक रहा है। इस बार सहालग में शादी समारोह खुशी से ज्यादा गर्मी से जंग जैसे बन गए हैं।
जिले में इन दिनों दिन का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच रहा है। वहीं, रात में भी उमस कम नहीं हो रही। मौसम का यही मिजाज शादी समारोहों पर भारी पड़ रहा है। टेंट के भीतर गर्मी और बाहर लू जैसे हालात के चलते मेहमानों का बैठना मुश्किल हो गया है। कई जगह लोग पंडाल छोड़कर खुले में हवा तलाशते दिख रहे हैं।
टेंट हाउस संचालक अनिल कसौधन बताते हैं कि इस सीजन में सबसे ज्यादा शिकायत गर्मी को लेकर ही आ रही है। कूलर और एसी बढ़ाने के बाद भी राहत नहीं मिल रही। ग्राहक आखिरी समय पर अतिरिक्त कूलिंग की मांग कर रहे हैं। बार-बार बिजली कटौती के कारण जनरेटर का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे खर्च भी बढ़ रहा है और गर्मी-शोर दोनों की समस्या बढ़ जाती है।
कैटरिंग का काम संभाल रहे पंकज कहते हैं कि गर्मी के कारण खाने की गुणवत्ता बनाए रखना चुनौती बन गया है। खुले में रखा खाना जल्दी खराब होने लगता है, इसलिए बार-बार ताजा बनाना पड़ रहा है। स्थानीय चिकित्सक बताते हैं कि डिहाइड्रेशन, चक्कर और उल्टी के मरीज बढ़ रहे हैं।