संवाद न्यूज एजेंसी
इटवा। पूर्व मंत्री डॉ. सतीश चंद्र द्विवेदी ने शुक्रवार को नगर पंचायत इटवा के आंबेडकर नगर में पीपल, बरगद और पाकड़ के पौधे रोपकर लोगों से अधिक से अधिक पौधरोपण करने और उनकी देखभाल का आह्वान किया।
पौधरोपण कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष विकास जायसवाल, अधिशासी अधिकारी शिव कुमार और सभासद पप्पू उपाध्याय मौजूद रहे। इस दौरान डॉ. द्विवेदी ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का माध्यम नहीं हैं बल्कि जल संरक्षण, स्वच्छ वायु और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए भी अत्यंत आवश्यक हैं।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनभागीदारी के साथ व्यापक स्तर पर पौधरोपण अभियान चलाया जा रहा है ताकि पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्य को प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके। उन्होंने लोगों से अपने घरों, खेतों और सार्वजनिक स्थलों पर अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष बेलवा रामसूरत चौरसिया, जिला सोशल मीडिया प्रभारी आशीष त्रिपाठी, मंडल महामंत्री धर्मेंद्र मौर्य सहित पार्टी पदाधिकारी और नगर के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।