चुनावी शोर में गांवों का माहौल भले ही गर्म हो, मगर प्रशासन पर ठंड का असर दिखने लगा है। ठंड को देखते हुए इस बार मतदान समाप्ति की अवधि आधा घंटा पहले कर दी गई है। मतदान सुबह सात बजे शुरू होगा और शाम को साढ़े 4 बजे बंद कर दिया जाएगा।
इसके अलावा प्रशासन ने बूथों पर अलाव के इंतजाम भी कराए हैं ताकि ड्यूटी पर आने वाले कर्मचारी को ठंड न लगे। ग्राम प्रधान चुनाव में पहले चरण का मतदान 28 नवंबर को जिले के चार ब्लॉकों में होना है। निर्विघ्न और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए प्रशासन की तैयारियां जोरों पर हैं।
क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत सदस्य के चुनाव की खामियों से सबक लेते हुए अफसर फूंक-फूंक कर कदम रख रहे हैं। इसके लिए प्रधान के चुनाव में अतिरिक्त व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
मंगलवार को जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश जारी कर सकुशल चुनाव के लिए तैयारियों को शीघ्र पूरा करने को कहा है।
बतौर जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सुरेंद्र कुमार ने सभी बीडीओ को हिदायत दी है कि मतदान की पूर्व संध्या पर बूथों पर पर्याप्त अलाव की व्यवस्था की जाए ताकि मतदान सामग्री लेकर पहुंचे दल को ठंड से ठिठुरना न पड़े। मतदान की समय सीमा में भी तब्दीली की गई है।
प्रधान पद के लिए मतदान सुबह सात बजे से शुरू होकर शाम साढ़े 4 बजे तक ही चलेगा। हालांकि जिन बूथों पर इस अवधि के बाद भी कतार लगी रहेगी, वहां कतार में खड़े अंतिम मतदाता के वोट देने तक मतदान जारी रहेगा। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सुरेंद्र कुमार ने बताया कि ठंड को देखते हुए चुनाव की टाइमिंग बदली गई है। बूथों पर अलाव के साथ ही रोशनी के भी पर्याप्त इंतजाम के निर्देश दिए गए हैं। निष्पक्ष और निर्विघ्न चुनाव कराने के लिए प्रशासन कटिबद्ध है।