सिद्धार्थनगर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से आयोजित हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाएं अब समापन की ओर हैं। परीक्षा खत्म होते ही उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की प्रक्रिया शुरू कराने की तैयारी तेज कर दी गई है। परिषद की ओर से मूल्यांकन कार्य को पूरी पारदर्शिता और निगरानी में कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए जिले में मूल्यांकन केंद्र बनाए जाने की तैयारी विभाग ने शुरू कर दी है, जहां शिक्षकों की तैनाती कर निर्धारित समय में कॉपियों की जांच कराई जाएगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय की ओर से मूल्यांकन केंद्रों के चयन की प्रक्रिया चल रही है। पिछले साल बांसी में दो और शोहरतगढ़ एक मूल्यांकन केंद्र बनाया गया था। होली के अवकाश के कारण अभी फाइनल नहीं हो पाया है। जल्द ही मूल्यांकन केंद्र बना दिया जाएगा। आखिरी परीक्षा 12 मार्च को संपन्न हो जाएगी। मूल्यांकन की निगरानी सीधे परिषद की ओर से किया जाएगा।
सीसीटीवी कैमरे को परीक्षा की तरह से बोर्ड से कनेक्ट रखा जाएगा, जिससे सीधे नजर रखी जा सके। जिन विद्यालयों में पर्याप्त कक्ष, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हैं, उन्हें मूल्यांकन केंद्र बनाए जाना है। अब देखना है कि पुराने केंद्र को ही बनाया जाएगा या फिर किसी नये केंद्र का चयन किया जाएगा। क्योंकि, मूल्यांकन बहुत ही गंभीर मसला है। मूल्यांकन के दौरान पारदर्शिता बनाए रखने के लिए परिषद की ओर से विशेष निगरानी की व्यवस्था भी की जा रही है। मूल्यांकन केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के साथ ही बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक रहेगी। प्रत्येक परीक्षक को प्रतिदिन निर्धारित संख्या में उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन करना होगा और उसकी ऑनलाइन रिपोर्ट भी भेजनी होगी।
इस संबंध में डीआईओएस अरुण कुमार ने बताया कि परीक्षा के साथ ही प्रक्रिया शुरू की गई है।