गर्मी और लू में बिजली की कटौती से लोग हो रहे हैं और भी बेहाल
संवाद न्यूज एजेंसी
डुमरियागंज। एक तरफ जहां भीषण गर्मी और तापमान का पारा बढ़ता ही जा रहा है। जनमानस गर्मी से बेहाल है। वहीं दूसरी तरफ बिजली निगम भी दिन में हवा चलने का बहाना बनाकर विद्युत कटौती कर रहा है। जिससे लोगों को परेशानी हो रही है।
डुमरियागंज क्षेत्र में प्रतिदिन सुबह नौ बजे बिजली गुल हो जा रही हैं, जो पूरे दिन गायब रहने के बाद शाम को से 6 से 7 बजे शाम को अपना दर्शन दे रही है। भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों से बेहाल लोगों को बिजली भी दिक्कत देने का काम कर रही है। जिससे लोगों का विद्युत निगम पर आक्रोश बढ़ने लगा है।
लोगों का कहना है कि जब बिजली की अधिक जरूरत होती है, तब मिलती ही नहीं है। क्षेत्र के सरवर मेहंदी, रिंकू, लक्ष्मण प्रसाद, लवकुश, विजय कुमार, नायाब हैदर आदि ने दिन में बिजली निगम की ओर से की जा रही बिजली कटौती पर अंकुश लगाए जाने की मांग उच्चाधिकारियों से की है। इस संबंध में डुमरियागंज विद्युत डिवीजन के अधिशासी अभियंता संतोष कुमार त्रिपाठी ने बताया कि विद्युत कटौती स्थानीय स्तर पर नहीं की जा रही है। सिरसिया पॉवर स्टेशन को पावर ग्रिड स्टेशन से जितनी सप्लाई मिल रही है। लोकल फाल्ट ना होने की दशा में उपभोक्ताओं को सुचारू ढंग से आपूर्ति की जा रही है।