संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। जिले में बेरोजगारी के दंश से जूझ रहे युवाओं का उद्यमी बनने का सपना अब साकार हो सकेगा। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत वर्ष 2025-26 में तय लक्ष्य के तहत 1700 युवाओं को एक करोड़ 20 लाख से पांच लाख रुपये तक का ब्याज रहित ऋण मिलेगा। इससे वह अपना उद्यम शुरू कर सकेंगे। वहीं पिछले वर्ष 700 का लक्ष्य मिला था।
पिछले वर्ष से ही चार वर्ष के लिए पांच लाख तक ब्याज मुक्त लोन की योजना शुरू कर दी गई थी, लेकिन पिछले वर्ष समय कम होने से व प्रचार-प्रसार के अभाव में युवाओं का लक्ष्य कम था, लेकिन इस बार अप्रैल से ही रोजगार के लिए आवेदन शुरू कर दिया गया है। अब जिला उद्योग केंद्र और बैंकों ने मिलकर युवाओं के लिए शुरू हुई इस योजना का व्यापक तौर पर प्रचार-प्रसार किया है। इसी कारण नए वित्तीय वर्ष में इस योजना को लेकर युवाओं में खासा उत्साह दिख रहा है।
योजना के तहत ऋण पाने के लिए अब तक 100 से अधिक आवेदन भी प्राप्त हो चुके हैं। यह संख्या हर दिन बढ़ रही है। अधिकारियों के अनुसार बिजनेस शुरू करने वाले युवाओं को कच्चे माल से लेकर इसे तैयार करने के लिए भी कर्मचारियों की जरूरत होगी। ऐसे में यदि एक युवा उद्यमी एक से दो लोगों को भी रोजगार दिया गया तो जिले के पांच हजार से अधिक लोगों को इस योजना के माध्यम से रोजगार मिल सकेगा।
पिछले वर्ष मिला था 334 युवाओं को ऋण : सीएम युवा उद्यमी योजना के पहले वर्ष 2024-25 में जिले के 700 युवाओं को योजना से लाभान्वित करने का लक्ष्य था, लेकिन प्रचार प्रसार न होने के कारण सिर्फ 334 युवाओं का ऋण ही योजना के तहत स्वीकृत हुआ था।
इस बार जिले में लाभार्थियों का लक्ष्य 700 से बढ़ाकर 1700 करने के साथ ही योजना की आवेदन प्रक्रिया को भी पारदर्शी व सहज बनाया गया है।