- शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के परसा स्टेशन गांव के पास देर शाम हुई थी घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
तुलसियापुर। शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के परसा स्टेशन गांव के सामने एनएच पर शुक्रवार देर शाम दो बाइकों में आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में दो युवकों की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दोनों युवक चाय पीने के लिए निकले थे। तभी हादसे का शिकार हो गए। उनकी चाय पीने की इच्छा मौत की वजह बनी।
शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के परसा स्टेशन गांव के सामने शुक्रवार को लगभग 6:00 बजे दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में दोनों बाइकों पर सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसमें शोहरतगढ़ थानाक्षेत्र के धनौरा मुस्तकहम निवासी वसीम (20) पुत्र हसन रजा व नेपाल के कपिलवस्तु जिले के तौलिहवा थानाक्षेत्र के सुठौली निवासी रियाज अहमद (30) पुत्र हुसैन की इलाज के दौरान शोहरतगढ़ सीएचसी पर मौत हो गई।
इसके अलावा घायल अंकित चौधरी (20) निवासी धनौरा मुस्तकहम थाना शोहरतगढ़ व दूसरी बाइक पर बैठे सूरज (25) निवासी सुठौली थाना तौलिहवा जिला कपिलवस्तु नेपाल को चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इस संबंध में शोहरतगढ़ एसएचओ विन्ध्येश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि दोनों के शव कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया गया है। घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
11जेएनडी21: पालिका बाजार में खाली प्लाट में लगा कूड़े का ढेर। संवाद