देसही देवरिया। हर घर जल, जल जीवन मिशन के तहत बालकुआं गांव में सबके घरों तक स्वच्छ जल पहुंचाने के लिए पानी की टंकी स्वीकृत हुई। निर्माण कार्य शुरू होने के कुछ माह बाद निर्माण कार्य बंद हो गया।
करीब दो साल से कार्य ठप पड़ा हुआ है। गांव के लोगों ने निर्माण कार्य पूरा कराकर पेयजल की सप्लाई बहाल कराए जाने की मांग की है। भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय की ओर से 2019 में जल जीवन मिशन योजना शुरू की गई।
इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में तेजी से दूषित हो रहे जल और उससे फैलने वाले गंभीर रोगों से लोगों के जीवन को बचाने के लिए सबके घरों तक स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना है। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत क्षेत्र के बालकुआं गांव में पानी की टंकी बनाए जाने की विभागीय मंजूरी मिली।
कार्यदायी संस्था ने गांव के पूरब चिन्हित भूमि पर मार्च, 2022 में टंकी का निर्माण कार्य शुरू किया। तय मानक के अनुसार कार्य प्रारंभ की तिथि से कार्य समाप्ति की तिथि 18 माह निर्धारित थी।
लेकिन, करीब दो साल से निर्माण कार्य बंद पड़ा हुआ है। तब से न तो ठेकेदार लौट कर आया, न ही विभाग ने कोई सुध ली।
अभी तक निर्माण कार्य अधर में लटका हुआ है। हालांकि गांव में कुछ जगहों पर पानी का पाइप बिछाया गया है। विभागीय लापरवाही की चलते सरकार की यह योजना परवान चढ़ने से पहले ही दम तोड़ रही है।
स्वच्छ जल के अभाव में गांव के लोग दूषित जल पीने को विवश हैं। लोगों ने इस टंकी निर्माण कार्य पूरा कराकर पेयजल सप्लाई शुरू कराने की मांग दोहराई है।