सिद्धार्थनगर। तेतरी-सोहांस-लोटन मार्ग पर बारिश के मौसम में होने वाले कटान स्थल पर तेजी से पुल निर्माण कार्य हो रहा है। दो वर्ष पूर्व पीडब्लूडी की इस सड़क के चौड़ीकरण व सुदृढीकरण कार्य के बाद पिछले वर्ष आए बाढ़ के दौरान सड़क कटकर क्षतिग्रस्त हो गई थी। अब इस कटान स्थल पर पुल निर्माण समेत अन्य कार्यों के लिए शासन से 4.48 करोड़ रुपये स्वीकृत हुआ है। इससे यहां पर 30 मीटर लंबे पुल का निर्माण कार्य चल रहा है, साथ ही एप्रोच सड़क निर्माण और पुल के दोनों तरफ 25-25 मीटर लंबाई में बोल्डर पीचिंग कराई जाएगी।
दो वर्ष पूर्व 19 किमी लंबे तेतरी-सोहांस-लोटन मार्ग का लगभग 40 करोड़ रुपये की लागत से पुर्ननिर्माण कार्य हुआ था। जिसके कुछ दिन बाद ही बारिश के मौसम में जमुआर में आए बाढ़ के दौरान पिठनी पुल के आगे सड़क कटने से क्षतिग्रस्त हो गई। जिसे तत्काल में किसी तरह बोरी आदि रखकर सड़क को कटने से बचाया गया था। इसके बाद विधायक श्यामधनी राही के प्रस्ताव पर पीडब्लूडी ने कार्ययोजना बनाकर शासन को भेजा था। जिस पर शासन से 4 करोड़ 48 लाख 78 हजार रुपये की स्वीकृति मिलने के बाद पीडब्लूडी ने निविदा प्रक्रिया पूर्ण कर कार्य शुरू करा दिया। वर्तमान में पुल निर्माण कार्य पूर्ण होने को है। अधिशासी अभियंता पीडब्लूडी कमल किशोर का कहना है कि पुल समेत अन्य निर्माण कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया। संवाद