संवाद न्यूज एजेंसी
भनवापुर। दो माह पहले सड़क दुर्घटना में मृतक 17 वर्षीय किशोर का शव शनिवार को त्रिलोकपुर पुलिस ने कब्र से निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के परसोहिया तिवारी गांव निवासी कमाल अहमद के द्वारा सड़क दुर्घटना में मृतक बेटे का केस दर्ज नहीं होने की शिकायत उच्चाधिकारियों से करने के बाद दो मई को पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के परसोहिया तिवारी गांव निवासी मो. कैफ (17 वर्ष) पुत्र कमाल अहमद गांव निवासी अपने दोस्त महताब (17) के साथ 17 मार्च को बाइक से सिंगारजोत जाने के लिए निकला। दोनों शाहपुर सिंगारजोत मार्ग पर सफीपुर गांव के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आ रहे भूसा लदी ट्रैक्टर-ट्राॅली ने टक्कर मारी दी, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
लोगों ने दोनों को उतरौला के एक निजी अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने मो. कैफ को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राॅली को कब्जे में लेकर चौकी बिजौरा ले आई, उसके बाद मृतक मो. कैफ के पिता कमाल अहमद ने त्रिलोकपुर पुलिस को तहरीर देकर ट्रैक्टर चालक व मालिक पर कार्रवाई की मांग की, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई करने के बजाय ट्रैक्टर-ट्राॅली को छोड़ दिया।
अंत में इसकी शिकायत पुलिस के उच्चाधिकारियों के साथ डीएम सिद्धार्थनगर से की गई। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर करीब डेढ़ माह बाद त्रिलोकपुर पुलिस ने दो मई को क्षेत्र के भड़रिया गांव निवासी ट्रैक्टर चालक व मालिक अशर्फी पुत्र भल्लू व भल्लू पुत्र रामलाल के खिलाफ हत्या आदि का केस दर्ज किया।
शनिवार को एसडीएम इटवा कुणाल, प्रभारी निरीक्षक त्रिलोकपुर मृत्युंजय पाठक, चौकी प्रभारी बिजौरा वशिष्ठ नारायण के मौजूदगी में शव को कब्र से निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक त्रिलोकपुर मृत्युंजय पाठक ने बताया कि केस दर्ज करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।