मूर्ति विसर्जन के दौरान कूड़ा नदी में डूबे थे दो दोस्त, अंधेरा होने पर रोकना पड़ा सर्च ऑपरेशन
लोटन। मोहाना थाना क्षेत्र के मुजहना गांव के पास कूड़ा नदी में मूर्ति विसर्जन के दौरान डूबे दो इंटरमीडिएट के छात्रों का दूसरे दिन भी पता नहीं चल सका। बृहस्पतिवार को एसडीआरएफ की टीम ने पूरे दिन नदी में तलाश अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। अंधेरा होने के कारण अभियान रोकना पड़ा। शुक्रवार सुबह फिर से तलाश शुरू की जाएगी। उधर, हादसे के बाद से गांव में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, बेलटीकर गांव के दयापुर टोले में ग्रामीणों के सहयोग से लक्ष्मी प्रतिमा स्थापित कर पूजा की जा रही थी। बुधवार को ग्रामीण प्रतिमा विसर्जन के लिए मुजहना गांव के पास कूड़ा नदी पहुंचे थे। विसर्जन के दौरान आदित्य (18) पुत्र लखीचंद और गौतम (19) पुत्र हेमंत नदी में नहाने लगे। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक दोनों लापता हो चुके थे।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कराई। बृहस्पतिवार सुबह एसडीआरएफ की टीम भी अभियान में जुट गई, लेकिन देर शाम तक दोनों का कोई सुराग नहीं मिला। घटना के दूसरे दिन भी परिजन और ग्रामीण नदी किनारे डटे रहे।
विधायक श्यामधनी राही ने घटनास्थल पर पहुंचकर हादसे की जानकारी ली और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। वह काफी देर तक घाट पर मौजूद रहे।
मोहाना थानाध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने बताया कि एसडीआरएफ की मदद से पूरे दिन तलाश अभियान चलाया गया, लेकिन दोनों का पता नहीं चल सका। अंधेरा होने के कारण अभियान रोक दिया गया है। शुक्रवार सुबह फिर तलाश शुरू होगी।