न आवेदन किया और न कनेक्शन लिया, बावजूद बिजली विभाग ने बिल भेज दिया। पच्चीस हजार का बिल देख ठेला चालक को ऐसा सदमा लगा कि जान ही निकल गई।
मामला इटवा थाना क्षेत्र के सेमरी गांव का है। बिजली विभाग के इस कारनामे से लोगों में आक्रोश बना हुआ है।थाना क्षेत्र के सेमरी गांव निवासी 50 वर्षीय भारत ठेले पर फल बेचकर परिवार का पेट भरता है।
झोपड़ी में गुजर-बसर करने वाले परिवार लालटेन के सहारे दिन काटता रहा है। शनिवार की रात वह ठेला लेकर घर पहुंचा। अंदर दाखिल होते ही पत्नी ने 25 हजार रुपये के बकाए का बिजली बिल थमाया तो उसके होश उड़ गए।
घर वालों के मुताबिक बिल देखते ही भारत बेहोश हो गया। आनन-फानन में घर वाले उसे इटवा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस संबंध में एसडीएम जुबेर बेग ने कहा कि मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। जांच करवाकर उसके परिवार को मदद किया जाएगा। उधर, एसडीओ विद्युत इटवा टीएन गुप्ता ने खुद को नया बताते हुए मामले से अनभिज्ञता जाहिर की। कहा कि बिना कनेक्शन लिए बिल कैसे दिया जा सकता है, इस बारे में जांच कराएंगे।