सिद्धार्थनगर। एसएसबी की 43वीं वाहिनी की धनगढ़वा सीमा चौकी टीम ने बुधवार को सीमा पर गश्त के दौरान एक बाइक सवार को पकड़ लिया। उसके पास से एक बोरी यूरिया खाद और छह बोरियों में 220 किलोग्राम गेहूं का बीज बरामद हुआ। पकड़े गए व्यक्ति और बरामद सामान को ककरहवा कस्टम विभाग के सुपुर्द कर दिया गया।
एसएसबी के अनुसार, सूचना के आधार पर टीम सीमा स्तंभ संख्या 546 के पास बनकसिया गांव के क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान दो व्यक्ति बाइक पर सामान लादकर भारत की ओर से सीमा पार जाने की कोशिश करते दिखाई दिए। जवानों को देखकर दोनों सामान छोड़कर भागने लगे। टीम ने एक व्यक्ति को पकड़ लिया, जबकि दूसरा फरार हो गया।
पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम कमलेश चौधरी निवासी शिवालवा भंसर, थाना हातीहवा, जिला कपिलवस्तु (नेपाल) बताया। मौके पर छोड़े गए सामान की तलाशी में एक बोरी यूरिया खाद और छह बोरियों में 220 किलोग्राम गेहूं का बीज मिला। इसके बाद आरोपी और सामान को ककरहवा कस्टम विभाग को सौंप दिया गया।