लोटन। लोटन क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ प्रशासन ने बुधवार देर रात बड़ी कार्रवाई की। ग्रामीणों की सूचना पर तहसीलदार देवेंद्र मणि और लोटन कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम परसौना में छापेमारी की।
इस दौरान मिट्टी लदे दो डंपरों को पकड़कर सीज कर दिया गया, जबकि खनन में प्रयुक्त चालक मशीन लेकर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 12 बजे ग्रामीणों ने ग्राम परसौना में अवैध रूप से मिट्टी खनन किए जाने की सूचना तहसीलदार को दी थी। सूचना मिलते ही तहसीलदार देवेंद्र मणि के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई। प्रशासनिक टीम के पहुंचने की भनक लगते ही खनन में लगे लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने रास्ते से मिट्टी लदे दो डंपरों को कब्जे में ले लिया। कार्रवाई के दौरान दोनों डंपरों के चालक वाहन छोड़कर भाग निकले। जांच में डंपरों से संबंधित कोई वैध कागजात या खनन अनुमति पत्र नहीं मिला। इसके बाद दोनों वाहनों को थाने लाकर सीज कर दिया गया
थानाध्यक्ष हरिओम कुशवाहा ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर तहसीलदार नौगढ़ और पुलिस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मिट्टी लदे दो डंपरों को पकड़ा है।