सिद्धार्थनगर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू हो रही हैं। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिले में 119 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसे लेकर जनपद स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। नकलविहीन और शांतिपूर्ण परीक्षा संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग पूरी तरह मुस्तैद है।
परीक्षा की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रत्येक परीक्षा कक्ष में एक विद्यालयीय एवं एक बाहरी कक्ष निरीक्षक की तैनाती की जाएगी। इस प्रकार सभी केंद्रों पर 50 प्रतिशत कक्ष निरीक्षक बाहरी होंगे। इसके साथ ही सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया गया है।
परीक्षा केंद्रों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की जा रही है ताकि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पर तुरंत नजर रखी जा सके।
चार अलग-अलग स्थानों से कंट्रोल रूम के माध्यम से ऑनलाइन निगरानी की जाएगी। इसके अलावा प्रश्नपत्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी परीक्षा केंद्रों के स्ट्रांग रूम पूरी तरह तैयार कर लिए गए हैं।