संवाद न्यूज एजेंसी
शोहरतगढ़। तहसील क्षेत्र के तीन ग्राम प्रधानों ने डीएम को शिकायती पत्र देकर तहसीलदार पर अवैध वसूली व अभद्रता का आरोप लगाया है। नीली बत्ती लगी निजी गाड़ी से क्षेत्र में घूमकर धमकाने का भी आरोप लगाया है। डीएम से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। तहसीलदार ने आरोपों को निराधार बताया है।
बढ़नी ब्लाक के ग्राम प्रधान परसा विवेक सिंह, ग्राम प्रधान रोमनदेई अब्दुल करीम खान और ग्राम प्रधान झरुआ वीरेंद्र जायसवाल आदि ने डीएम डॉ. राजा गणपति आर को शिकायत पत्र देकर बताया कि 24 अक्टूबर को परसा गांव में नाली निर्माण के लिए झुलनीपुर चौराहे से 15 फुट बालू व लगभग 5 बोरी सीमेंट ट्रैक्टर-ट्राली से जा रहा था। रास्ते में तहसीलदार ने लकड़ी लदी दो ट्रैक्टर-ट्राली पकड़ी थी। उन्होंने बालू व सीमेंट लदी ट्रैक्टर-ट्राली को भी रोक लिया।
ड्राइवर के पूरी बात बताने के बाद कागज मांगने लगे। ड्राइवर ने बताया कि दुकानदार ने रसीद प्रधान को दी है। वह लाकर दिखा देंगे। उसके बाद तहसीलदार ने ट्रैक्टर-ट्राली लेकर मड़वा चौराहे पर पहुंच गए।
प्रधान अब्दुल करीम खान और प्रधान विवेक सिंह मंडवा चौराहा पहुंचे और उनके साथ रहे तीन लेखपालों को रसीद दिखाई। उसके बाद पैसा मांगा जाने लगा। पैसे नहीं देने पर बालू, सीमेंट लदी ट्रैक्टर-ट्राॅली को शोहरतगढ़ थाने में खड़ा करा दिया।
थाने पर लगभग 10 की संख्या में ग्राम प्रधान पहुंचे। बातचीत के दौरान तीन लेखपाल व निजी गाड़ी में मौजूद तहसीलदार के साले ने अभद्र भाषा का प्रयोग कर प्रधान अब्दुल करीम खान को धक्का देने लगे।
ग्राम प्रधानों ने विरोध किया तो तहसीलदार गाड़ी से उतरे और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए प्रधान अब्दुल करीम खान को थाने में बैठा दिया। थानाध्यक्ष तहरीर देकर कार्रवाई कराई। ग्राम प्रधानों ने कहा कि है पूरा घटनाक्रम थाने के सीसीटीवी कैमरे रिकॉर्ड है।